बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, बालीकुडिया में जूनियर छात्रों के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
पीड़ित छात्रों के अभिभावकों द्वारा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। सोमवार को एडीएम मुकेश कुमार विद्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच की।
प्रारंभिक जांच में रैगिंग और जूनियर छात्रों के साथ मारपीट के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए छह सीनियर छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है।
हालांकि, पीड़ित छात्रों के अभिभावकों ने इस कार्रवाई को अपर्याप्त बताया है। अभिभावक आकुल राणा, मुकेश दास और नवीन दास ने कहा कि केवल 15 दिनों का निलंबन समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
उनका कहना है कि निलंबन की अवधि समाप्त होने के बाद वही छात्र दोबारा विद्यालय लौटेंगे और ऐसी घटनाएं फिर दोहरा सकते हैं।
अभिभावकों ने सुझाव दिया कि मारपीट के आरोपी छात्रों को नियमित रूप से विद्यालय आने की अनुमति न दी जाए। उन्हें घर से पढ़ाई करने की व्यवस्था की जाए तथा केवल परीक्षा देने के लिए विद्यालय बुलाया जाए, ताकि जूनियर छात्रों में भय का माहौल समाप्त हो सके।
जांच के दौरान एडीएम मुकेश कुमार ने छात्रों के अभिभावकों के साथ बैठक भी की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में हो रही गतिविधियों में सुधार और छात्रों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी जाएगी।
अभिभावकों ने यह भी कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है और इसकी व्यवस्था बेहतर बनी रहे, इसके लिए सभी पक्षों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य के खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है।
