गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष, भजन-कीर्तन तथा ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथ यात्रा से पूर्व बड़ा गम्हरिया स्थित जगन्नाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को विधि-विधान के साथ सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया और उनकी यात्रा प्रारंभ हुई।
श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु रथ यात्रा संचालन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्तों में महाप्रभु का रथ खींचने की होड़ लगी रही।
रथ यात्रा के पहले दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ बड़ा गम्हरिया स्थित बोल तल से जगन्नाथ मंदिर तक पहुंचे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद शुक्रवार को महाप्रभु को मौसीबाड़ी ले जाया जाएगा। वहां सात दिनों तक प्रवास करने के पश्चात वापसी रथ यात्रा के माध्यम से उन्हें पुनः मंदिर लाया जाएगा।
रथ यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर महिला श्रद्धालुओं ने रथ रोककर भगवान की आरती उतारी और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, पार्षद धनंजय गुप्ता, पारितोष बेज, झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणेश चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुलकांत झा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर रथ यात्रा में भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के ठाकुर दुर्लभ दास, जगन्नाथ कुंडू, सीताराम बेज, अरुण बेज, प्रेमचंद्र पाल, गोपाल चौधरी, वरुण दास, संजय मंडल, संजय दास, भैरव प्रामाणिक, दीपक नायक, दिलीप गोराई, फटिक चंद्र कुंडू सहित समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।