जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम डालापानी में वन अधिकार समिति की ओर से किंकर महतो की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डालापानी फुटबॉल मैदान में एक सभा का आयोजन किया जाएगा।
सभा में विभिन्न ग्राम सभाओं, सामाजिक संगठनों, वन सुरक्षा समितियों, वन अधिकार समितियों तथा जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि डालापानी गांव के लोग पिछले 44 वर्षों से लगभग 550 एकड़ क्षेत्र में फैले जंगल का संरक्षण करते आ रहे हैं। पर्यावरण और जंगल के प्रति ग्रामीणों का गहरा जुड़ाव स्थापित हो चुका है। गांव से प्रेरित होकर आसपास के कई गांवों ने भी जंगल संरक्षण की दिशा में पहल शुरू की है।
इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सह ग्रीन मैन मदन मोहन सोरेन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आदिवासी और मूलवासी समाज का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उनकी संस्कृति और जीवनशैली प्रकृति एवं जंगल से गहराई से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक दायित्व मानते हुए जनचेतना और सामूहिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है।
बैठक में किंकर महतो, जगरनाथ सोरेन, सुनील रजक, मोहन हेम्ब्रम, फोन्टर सोरेन, सुखराम हांसदा, चेकर मार्डी, रघुनाथ सोरेन, मंगल सोरेन, लीलू बास्के, रामलाल सोरेन, जनक सोरेन, मोटू सोरेन और डोमन मार्डी समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
