जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित दो मुहानी संगम तट पर अवस्थित श्री पंच दशनाम जूना किन्नर अखाड़ा (झारखंड) के महामाई बगलामुखी धाम में प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी गुरुवार से 48 घंटे की अखंड धूनी तपस्या का शुभारंभ हुआ। धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले इस विशेष अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में किन्नर समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालुओं के भी शामिल होने की संभावना है।
इस अखंड धूनी तपस्या का नेतृत्व श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरी कर रहे हैं। उनके साथ महंत आनंदी नंद गिरी, महंत सूरज घोष तथा अन्य शिष्यगण भी तपस्या और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बने हुए हैं। सभी साधक किन्नर समुदाय से जुड़े हैं।
आयोजकों के अनुसार, ज्येष्ठ मास में आयोजित होने वाली यह अखंड धूनी तपस्या साधना, आराधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र मानी जाती है। दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में पूजा-अर्चना, साधना और विशेष वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने तथा आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। दो मुहानी संगम तट स्थित महामाई बगलामुखी धाम में आयोजित इस विशेष तपस्या को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरी ने बताया कि इस अखंड धूनी तपस्या का मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण, शांति और मानवता के मंगल की कामना करना है।
