सरायकेला : जिले में एक अंग्रेजी शराब दुकान से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार देर रात का है। मामला आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे अंडरब्रिज के समीप स्थित उस अंग्रेजी शराब दुकान का है, जिसे हाल ही में रेलवे की जमीन पर बने एक अवैध दुकान में शिफ्ट किया गया है।
वायरल वीडियो में शराब दुकान के अंदर और बाहर जमकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ होती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि उक्त शराब दुकान राजद नेता वीरेंद्र यादव के नाम पर संचालित है। वीडियो में राजद जिलाध्यक्ष बैजू यादव भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बने दुकान में शराब ठेका संचालित करने की अनुमति कैसे दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, इस शराब दुकान का मूल लाइसेंस जागृति मैदान के समीप के लिए जारी किया गया था, लेकिन करीब एक महीने पहले इसे रेलवे अंडरब्रिज के पास रेलवे की जमीन पर बने दुकान में शिफ्ट कर दिया गया। अब वायरल वीडियो के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
