सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला खनन विभाग की टीम ने बुधवार को टाटा–रांची मुख्य मार्ग पर एक हाइवा वाहन (संख्या – JH01BT–8654) को अवैध बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा। वाहन को जब्त कर चांडिल थाना को सुपुर्द किया गया। इस मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई आरंभ की गई है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की “जीरो टॉलरेंस नीति” जारी रहेगी। उन्होंने खनन विभाग तथा सभी थानों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में नियमित रूप से संयुक्त टीम बनाकर औचक जांच अभियान चलाएँ तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर नियंत्रण के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सुनिश्चित करना है। आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध खनन या परिवहन की किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या निकटतम थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
