कोलकाता : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-खडग़पुर ने ग्रामीण और अर्ध-शहरी युवाओं को स्वास्थ्य पेशेवरों के रूप में प्रशिक्षित करने के लिए अपने परिसर में एक समर्पित केंद्र स्थापित किया है। एक अधिकारी ने कहा कि स्कूल फार स्किल्स : हेल्थकेयर एंड टेक्नोलाजी का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में समावेशी विकास और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
इस सुविधा में शुरू में प्रतिवर्ष 150 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा तथा राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप अल्पकालिक सर्टिफिकेट कोर्स मुहैया कराये जाएंगे। इन कार्यक्रमों के समापन पर हेल्थकेयर सेक्टर स्किल काउंसिल द्वारा प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। प्रशिक्षित कार्यबल आइआइटी-खडग़पुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में मरीजों की देखभाल में सहयोग करेगा। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षित युवाओं का एक वर्ग आइआइटी-खडग़पुर में विकसित स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकियों के फील्ड ट्रायल और सत्यापन में भाग लेगा। इससे बंगाल और उसके बाहर के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थित स्वास्थ्य डेटा तैयार करना संभव होगा। पहले बैच की कक्षाएं नवंबर 2025 में शुरू होंगी और आने वाले वर्षों में पाठ्यक्रमों का विस्तार करने की योजना है।
