भागलपुर में कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता रामधीन यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर, तीन अफसर घायल
—नगर परिषद शूटआउट का मास्टरमाइंड एनकाउंटर में मारा गया
—हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर बरसाई गोलियां
–मुठभेड़ में तीन पुलिस अधिकारी घायल, अस्पताल में भर्ती
—सुल्तानगंज नगर परिषद दफ्तर में ईओ की दिनदहाड़े हत्या से मचा था हड़कंप
भागलपुर: बिहार पुलिस अब एक्शन में है। 24 घंटे के अन्दर हत्याकांड के मास्टरमाइंड को मार गिराया। बिहार के भागलपुर में नगर परिषद शूटआउट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता रामधीन यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। रामधीन, नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी का पति था और इसी हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा था।
बुधवार सुबह पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर ले गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। रामधीन यादव ने भी मौके का फायदा उठाकर पुलिस पर हमला किया और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में तीन पुलिस पदाधिकारी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए इस सनसनीखेज हमले ने पूरे राज्य को दहला दिया था। तीन नकाबपोश अपराधी झोले में हथियार लेकर सभापति के चैंबर में घुसे और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।
चश्मदीदों के मुताबिक हमलावर ‘नगर परिषद में हमारा ही वर्चस्व रहेगा’ चिल्लाते हुए फायरिंग कर रहे थे। ईओ कृष्ण भूषण कुमार ने सभापति को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है।
