रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार सुबह रांची के लालपुर स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान भीषण गर्मी और लू लगने की आशंका है, जिससे उन्हें कमजोरी और असहजता महसूस हुई।
बताया जा रहा है कि मंत्री पिछले कई दिनों से पश्चिम बंगाल में लगातार चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। अत्यधिक गर्मी और लगातार यात्रा के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा। सोमवार को वे बंगाल से सीधे मेदिनीनगर (पलामू) पहुंचे थे, जहां उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति में सुधार नहीं होने पर वे उसी शाम रांची लौट आए, लेकिन रात में तबीयत और खराब होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वित्त मंत्री की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी जांच कर रही है और आवश्यक मेडिकल टेस्ट व उपचार जारी है।
