पोटका में राशन नहीं मिलने पर फूटा लोगों का गुस्सा, पीडीएस डीलर के खिलाफ प्रदर्शन
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े राशन कार्डधारियों (उपभोक्ताओं) का गुस्सा खुलकर सामने आया। अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पोटका चौक से रैली निकालते हुए प्रखंड कार्यालय तक मार्च और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित जन वितरण प्रणाली की दुकानदार ललिता खंडपातर पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उनका लाइसेंस रद्द करने की मांग की। लोगों का कहना था कि पिछले चार महीनों से लगातार ई-पॉश मशीन पर फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने भोजन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।लोगों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण में भारी गड़बड़ी हो रही है और बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण आम लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रैली में शामिल लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि राशन उनका अधिकार है, जिसे किसी भी हालत में छीना नहीं जा सकता। उन्होंने मांग की कि पिछले चार महीनों का बकाया राशन तुरंत उपलब्ध कराया जाए और दोषी डीलर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।प्रदर्शन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज सरदार, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र नाथ महतो, कोवाली के प्रभारी मुखिया काजल बारीक और सोनका महतो सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर मार्केटिंग आॅफिसर (एमओ) को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीबों के राशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उन्हें उनका पूरा राशन नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
