झारखंड पात्रता परीक्षा 26 अप्रैल को: जमशेदपुर के 93 केंद्रों पर 39 हजार से अधिक अभ्यर्थी, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में 26 अप्रैल को होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और पुलिस बल को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
झारखंड लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन रविवार, 26 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम जिले के 93 परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 39,265 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी स्टैटिक दंडाधिकारी और केंद्र पर्यवेक्षक परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल लें। उड़नदस्ता टीम को प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित ढुलाई और समय पर जमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्राधीक्षकों को परीक्षा के दौरान अनुशासन, पारदर्शिता और शांति बनाए रखने के साथ-साथ परीक्षा सामग्री की सुरक्षित हैंडलिंग और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के सील पैकेट खोलने और बंद करने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस और स्मार्ट वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा अधिनियम-2023 के तहत नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर एचएचएमडी से जांच और अभ्यर्थियों की सघन तलाशी अनिवार्य होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, गश्ती दल की सक्रियता और उड़नदस्ता टीम के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
गर्मी को देखते हुए पुलिस बल को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और डिहाइड्रेशन से बचाव के उपाय करने को भी कहा गया है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोग के दिशा-निर्देशों से सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को अवगत कराते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।


