महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक पहल : विद्युत महतो
अधिनियम देश को अधिक समावेशी और संतुलित विकास की ओर ले जाएगा : गीता कोड़ा
महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से परिवार, समाज व राष्ट्र—तीनों स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन आएगा : पूर्णिमा साहू



जमशेदपुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सांसद विद्युत महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, मीरा मुंडा और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीलू मछुआ सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं, कामकाजी एवं गृहिणियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रावधानों, लाभों और इसके दूरगामी प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सांसद विद्युत महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक पहल की गई है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के लागू होने के बाद संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत तक सुनिश्चित होगी, जिससे सामाजिक और राजनीतिक बदलाव को नई दिशा मिलेगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने इसे देश के विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से परिवार, समाज और राष्ट्र—तीनों स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने विपक्ष पर इस दिशा में पहले पहल न करने का आरोप भी लगाया।
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि यह अधिनियम देश को अधिक समावेशी और संतुलित विकास की ओर ले जाएगा। वहीं मीरा मुंडा ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को नीति निर्माण में सीधी भागीदारी का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान नीलू मछुआ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होने जा रही है, जो उन्हें और सशक्त बनाएगा।
सम्मेलन का संचालन रूबी झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रीना चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
