चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टाटा-रांची हाईवे पर भादूडीह के पास बुधवार दोपहर एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने केबिन में फंस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में सवार एक महिला यात्री घायल हो गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। वहीं, बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को केबिन से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस नीमडीह से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

