3 जनवरी 2026 को मध्यरात्रि कदमा टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास आरोपियों ने दिया था घटना काे अंजाम
घायल जवान का चल रहा इलाज, तीनों आरोपी जमशेदपुर के निवासी, एक को तलाश रही पुलिस
जमशेदपुर : जमशेदपुर में ड्यूटी पर तैनात जवान को कार से कुचलकर हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
घटना 3 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि कदमा टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास की है. यहां ड्यूटी पर तैनात जवान हीरालाल महतो पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था.
आरोप है कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से कार चढ़ाकर उनकी हत्या करने की कोशिश की. इस हमले में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार भी जब्त कर ली गई है. गिरफ्तार आरोपियों में अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी शामिल हैं. तीनों पूर्वी सिंहभूम जिला के जमशेदपुर निवासी बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है. डीएसपी हेड क्वार्टर- 2 मनोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस से नाराजगी के कारण मिलकर योजना बनाई गई और जवान को कार से कुचलने का प्रयास किया गया.
मनोज ठाकुर ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
