जमशेदपुर के टुईलाडुंगरी में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, सरबजीत सिंह पर जानलेवा हमला, स्थिति गंभीर
जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुईलाडुंगरी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 से 22 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस घटना में सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने सरबजीत सिंह को चारों ओर से घेरकर लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर एक नजदीक की बस्ती के निवासी के साथ इलाके में पहुंचे थे। सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे और उन्होंने घटना को अंजाम देने के बाद पूरे क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान अपराधियों ने सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल सरबजीत सिंह को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
फिलहाल इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
