वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, सुरक्षा मानकों एवं दस्तावेजों की जांच की गई, 98 हजार रुपये से ज्यादा जुर्माना वसूला गया
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने गालूडीह, डिमना चौक और नेशनल हाईवे (NH) के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच अभियान के दौरान टीम ने मुख्य रूप से बस, मैजिक वैन में ओवर लोडिंग की सघन जांच की। वैन और बसों में क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाने (ओवरलोडिंग) पर जुर्माना लगाया।
अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर 80 से अधिक वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान ओवर लोडिंग करने वाले दो बसों, तीन मैजिक वैन पर जुर्माना लगाते हुए कुल 98 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला गया। जांच अभियान जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में चलाया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा, अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी करते हैं, जिससे जानमाल की क्षति होती है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जुर्माने से अधिक लोगों को जागरूक करना और सड़कों को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
