जमशेदपुर : सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह—की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में चित्र प्रदर्शनी सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साहिबजादों के बलिदान, त्याग और साहस को स्मरण करते हुए विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति और नैतिक मूल्यों की भावना को जागृत करना रहा। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजन के दौरान साहिबजादों के जीवन, उनके संघर्ष और शहादत से जुड़े दुर्लभ एवं प्रेरणादायक चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने साहिबजादों के बलिदान को भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि साहिबजादों का त्याग केवल इतिहास नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्यबोध की अमिट सीख है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।
