काशी साहू कॉलेज, सरायकेला में “फर्स्ट एड व सीपीआर प्रशिक्षण” और “प्लास्टिक मुक्त सरायकेला” पर चर्चा
सरायकेला: काशी साहू कॉलेज, सरायकेला में फर्स्ट एड एवं सीपीआर प्रशिक्षण तथा यूथ रेड क्रॉस विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन एन.एस.एस. के मनोज कुमार द्वारा किया गया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के विश्वनाथ पडिहारी ने “प्लास्टिक मुक्त सरायकेला” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए तथा पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर बल दिया। रेड क्रॉस के सचिव दया शंकर मिश्रा द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को फर्स्ट एड एवं सीपीआर की बारीकियों से अवगत कराया तथा आपात परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के लगभग 150 छात्र-छात्राओं एवं 10 शिक्षकों की सहभागिता रही। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने रेड क्रॉस द्वारा समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया।
