जमशेदपुर : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के बीच हुए समझौते के अंतर्गत अब ईपीएफओ पेंशनभोगी अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) नजदीकी डाकघर के माध्यम से निःशुल्क जमा कर सकते हैं।
यह सुविधा चेहरे की पहचान (Face Authentication Technology) अथवा फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से उपलब्ध है। पेंशनभोगियों को किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा, क्योंकि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने की संपूर्ण लागत ईपीएफओ वहन करेगा।
इस सुविधा से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को बैंक या कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने घर से ही जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं और प्रमाण पत्र का संदेश उनके पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त होगा।
यह पहल भारत सरकार के “डिजिटल इंडिया” एवं “Ease of Living” के विज़न के अनुरूप है और देशभर में वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा एवं सम्मान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय, जमशेदपुर के अंतर्गत सभी 63230 पेंशनभोगियों से अनुरोध है कि जिन्होंने अभी तक अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा नहीं किया है , वे केवल अपने नजदीकी डाकघर जाएँ, अपना आधार नंबर एवं पेंशन विवरण दें और प्रमाणीकरण पूर्ण करें। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रशान्त कुमार ने इस आशय की जानकारी दी है।
