बेटे की हत्या की धमकी, पश्चिम चम्पारण से भाजपा सांसद डॉ. संजय जयसवाल से मांगी 10 करोड़ रंगदारी
48 घंटे बाद भी पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग, छानबीन की प्रक्रिया जारी
पटना : बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पश्चिम चम्पारण से भाजपा सांसद डॉ. संजय जयसवाल से मोबाइल पर फोन कर अज्ञात अपराधियों ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं मिलने पर उनके एकलौते चिकित्सक पुत्र शुभम जयसवाल की हत्या करने की धमकी दी गयी है। शनिवार को नगर थाना में दो अज्ञात मोबाइल धारकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गयी है। घटना 23 अक्टूबर की है। इस मामले में अबतक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
धमकी मिलने के बाद सांसद का परिवार दहशत में है और पुलिस से शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने मामले में एफआईआर भी दर्ज कर लिया है और कार्रवाई में जुट गई है। पूरे मामले में बेतिया सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि सांसद डॉ. संजय जयसवाल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गयी है।
शीघ्र ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एफआईआर में सांसद ने बताया है कि 23 अक्टूबर की दोपहर 12.40 बजे से 12.44 बजे तक दो बार दो अलग-अलग नम्बरों से उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उनके बेटे डॉ. शिवम जयसवाल को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 करोड़ की रंगदारी मांगी।
