जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित पानी टंकी के पास बुधवार की देर रात करीब 10:30 बजे एक गोदाम में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैल गई कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ी त्रासदी टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोदाम से तेज धमाके जैसी आवाज आई और कुछ ही पलों में लपटें ऊपर उठने लगीं।
कुछ ही मिनटों में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास की इमारतों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए।
शुरू में लोगों को लगा कि पटाखा फूटा है, लेकिन जल्द ही जब लपटें तेज़ हुईं तो स्थिति भयावह हो गई।
दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवकों और दुकानदारों ने बाल्टी, पाइप और टंकी के पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
कई लोगों ने छतों से पानी डालकर लपटों को फैलने से रोका। लगभग 20 मिनट बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में आग लगी वह स्थानीय व्यापारी बालमुकुंद गोयल का बताया जा रहा है।
गोदाम दो ऊंची इमारतों के बीच स्थित था, जहां सैकड़ों प्लास्टिक की टंकियां, पाइप और अन्य सामान रखे हुए थे।
प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया।
प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि पास में फोड़े गए पटाखे की चिंगारी गोदाम में जाकर गिरी, जिससे आग लगी।
पुलिस ने बताया कि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा जांच की जाएगी।
सबसे राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के घरों से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की वजह से गोदाम में रखे लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर वाहनों की आवाजाही बंद कराई और आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद की।
देर रात तक पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि घनी आबादी वाले इलाकों से ज्वलनशील सामान के गोदामों को हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
