चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार सुबह बंडामुंडा आरपीएफ पोस्ट पर तैनात आरपीएफ जवान मोहम्मद असरार को ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी राउरकेला के बिसरा चौक के पास हुई।
बताया जा रहा है कि यह पिछले कुछ महीनों में बंडामुंडा-राउरकेला सेक्शन में सीबीआई की तीसरी कार्रवाई है, जिसमें रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ जवानों को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी इस सेक्शन में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ जवान मोहम्मद असरार, बंडामुंडा रेलवे कॉलोनी में कूड़ा चुनने वाली महिला से हर महीने ₹15,000 रिश्वत की मांग कर रहा था। महिला ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से की थी, जिसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर उसे पकड़ने की योजना बनाई।
शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे, जैसे ही मोहम्मद असरार रिश्वत की रकम लेने बिसरा चौक पर पहुंचा, महिला ने उसे ₹15,000 के कैमिकल लगे नोट सौंपे। वहीं मौजूद सीबीआई की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए असरार को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद असरार को राउरकेला स्थित सीबीआई कार्यालय ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। उस पर बंडामुंडा रेलवे कॉलोनी में अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
