जमशेदपुर : भाकपा माओवादी द्वारा झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और छत्तीसगढ़ में 8 से 14 अक्टूबर तक प्रस्तावित प्रतिरोध सप्ताह और आगामी 15 अक्टूबर को एक दिवसीय बंदी बुलाई गई है।
इस मामले को लेकर रेलवे ने ट्रैक की सुरक्षा बढ़ा दी है। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा को और पुख्ता किया गया है। रेलवे प्रशासन की ओर से निगरानी और सतर्कत बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषकर हावड़ा -मुंबई रेल मार्ग पर जराईकेला,बिसरा स्टेशन और भालूलता में सुरक्षा के खास प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। तीनों स्टेशन नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। रेलवे सुरक्षा बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील मार्ग पर एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के आगे-आगे मालगाड़ी चलाई जा रही है। रेलवे पुल, रेलवे स्टेशन, रेल ट्रैक की नियमित जांच की जा रही है।
