जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत डोबो पुल से शुक्रवार को पुलिस ने एक बुलेट बाइक बरामद किया है। बुलेट मोटरसाइकिल आदित्यपुर के धीराजगंज निवासी सूरज गोराई की है।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक बरामद कर लिया है। हालांकि सूरज के बारे में अबतक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सूरज के पिता शंकर ने बताया कि सूरज कल शाम 4 बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर निकला था। उसके बाद वह वापस घर नहीं आया। रात भर खोजबीन करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को पुलिस के द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि उनकी बुलेट डोबो पुल पर खड़ी है। आशंका जताई जा रही है कि सूरज ने स्वर्णरेखा नदी में कूद कर कहीं आत्महत्या तो नहीं कर ली। वैसे अबतक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है्। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
सूरज का दोस्त नीरज महतो ने बताया है कि कल रात करीब 10 बजे उससे बात हुई थी और सिर्फ वह इतना बोला कि अपना ख्याल रखना। उसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है।

