जमशेदपुर के गोलमुरी में स्कूटी सवार ने की महिला से पर्स लूटने की कोशिश,मां-बेटा सड़क पर गिरे, घायल; इलाके में आक्रोश
जमशेदपुर: गोलमुरी नीलडीह सिग्नल के पास मंगलवार देर रात स्कूटी सवार एक युवक ने सुरेंद्र सिंह की पत्नी नीतू सिंह से पर्स झपटने का प्रयास किया।
घटना उस समय हुई जब नीतू अपने छह वर्षीय बेटे सार्थक सिंह के साथ साकची से घर लौट रही थीं।
झपटमारी के दौरान छीना-झपटी में मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े।
इस हादसे में नीतू सिंह के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि सार्थक के सिर पर भी गहरी चोट लगी।
राहगीरों ने तुरंत दोनों को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द कर ली जाएगी और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इधर, घटना से इलाके के लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से झपटमारी और चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस गश्त नदारद है। लोगों ने मांग की कि मुख्य चौक-चौराहों और सुनसान रास्तों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
