जमशेदपुर : शहर में ईद मिलाद उन नबी के अवसर पर 5 सितंबर को निकाल जाने वाले जुलूस ए मोहम्मदी की जोरदार तैयारी चल रही है। शहर के सभी उलेमा जुटे हुए हैं, जहां जुलूस में डीजे एवं ट्रेलर पर लगी पाबंदी बरकरार है। इस जुलूस में मुस्लिम समाज के लाखों लोग शामिल होंगे।
धतकीडीह मदरसा फैजुल उलूम में तंजीम अहल-ए-सुन्नत व जमात के द्वारा संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर जुलूस-ए-मोहम्मदी के संबंध में जानकारी दी गई। मीडिया से बात करते हुए तंजीम के उपाध्यक्ष फरहान उल ओहोदा ने कहा कि 5 सितंबर की सुबह 8:00 बजे मानगो के गांधी मैदान से जुलूस ए मोहम्मदी की शुरुआत होगी। जुलूस में शहर के सभी उलेमाओं के कयादत में जुलूस साकची आमबागान मैदान होते हुए धतकीडीह सेंट्रल मैदान पर आकर समाप्त होगा। यहां उलेमाओं की तकरीर सुनने के लिए लाखों लोग मौजूद रहेंगे। जुलूस के दौरान दूसरे गैर मुल्क के झंडे का इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगाई गई है। जुलूस के दौरान कई तंजीम के लोग जगह-जगह पर लंगर का इंतजाम कर रहे हैं।
