सूर्य मंदिर समिति के तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ
जमशेदपुर : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जमशेदपुर में हर ओर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। गुरुवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में सूर्य मंदिर समिति के तत्वाधान में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने द्वीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व अन्य मुख्यरूप से मौजूद रहे। प्रतियोगिता में जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में नन्हें नौनिहालों के राधा कृष्ण का बाल रूप अद्भुत छटा बिखेर रहा था। बांसूरी बजाते बालकृष्ण एवं आकर्षक परिधान में सजी राधा रानी ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। मनमोहक प्रस्तुति के आधार पर 25 प्रतिभागियों का चयन फाइनल के लिए किया गया। ये सभी चयनित प्रतिभागी 16 अगस्त के फाइनल में आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगे। मंदिर समिति की ओर से प्रतिभागियों की अधिकतम उम्र सीमा 10 वर्ष तक तय की गई थी। वहीं, प्रतियोगिता में 10 माह से लेकर 10 वर्ष तक के बच्चे-बच्चियों ने सभी को अपने मनमोहक प्रस्तुति से आनंदित किया।
इस दौरान जज के रूप में राजश्री मान और मौसमी चक्रवर्ती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बालरूप में राधा कृष्ण की मनमोहक छवि को देखकर मौजूद दर्शक अभिभूत नजर आए और बाल-कृष्ण के नटखटपन की दर्शकों ने जमकर प्रशंसा एवं सराहना की। मंच संचालन प्रतियोगिता के प्रभारी गुंजन यादव ने किया।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, जन्माष्टमी महोत्सव के संयोजक कमलेश सिंह, महोत्सव के कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, दिनेश कुमार, राकेश सिंह, कंचन दत्ता, शैलेश गुप्ता, शैलेश गुप्ता, प्रमोद मिश्रा, शशिकांत सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, बंटी अग्रवाल, तेजिंदर सिंह जोनी, संजय सिंह, दत्ता बाबू, महावीर सिंह ओंकार सिंह व अन्य मौजूद रहे।
