मां ने डांटा तो युवती ने डोबो पुल से नदी में लगा दी छलांग
जमशेदपुर : कपाली सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो पुलिया से एक बार फिर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। जहां सोमवार की दोपहर एक अज्ञात युवती ने पुल से नीचे छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कपाली पुलिस को दी।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गंभीर अवस्था में उसे तत्काल तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे महात्मा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। युवती की पहचान बिष्टुपुर की रहने वाली पूर्णिमा के रूप में हुई है जिसकी उम्र लगभग 18 साल है। वह प्ले स्कूल में देखभाल की काम करती है। पूर्णिमा की मां ने बताया कि कल घर पर किसी बात को लेकर हमने उसको डांटा था जिससे वह नाराज होकर अपने नानी घर चल गई थी। आज सुबह नानी घर से आई और अपने काम पर जाने के लिए तैयार होकर सुबह 8 बजे घर से निकली। उसके बाद कपाली थाना से सूचना मिली।
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती किन परिस्थितियों में डोबो पुलिया पहुंची और उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।





