सरायकेला : जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत टोल ब्रिज पर शुक्रवार को सिक्योरिटी इंचार्ज पापुंजय कुमार के साथ जमकर हुई मारपीट। पापुंजय ने बताया कि दोपहर में वे रोज की तरह वीआइपी लेन की ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान जेएच05जेड – 5828 नंबर की कार बिना शुल्क चुकाए पार करने लगी। सिक्योरिटी इंचार्ज ने जब उनसे परिचय पत्र मांगा तो कार सवार लोग हमलावर हो गए। पहले उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड को पीटा, फिर पापुंजय पर बेस बैट से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वे कार्यालय की ओर भागे, लेकिन हमलावर पीछे तक पहुंच गए। बेस बैट से उनके सिर, छाती और पीठ पर इतना वार किया गया कि बैट टूट गया। हमलावरों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना के बाद टोल प्रबंधक हिमांशु प्रसून सिंह ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, घायल पापुंजय ने कहा कि उनके साथ ऐसी घटना पहली बार हुई है और अब वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
