बागबेड़ा में निःशुल्क श्रमिक कार्ड निबंधन शिविर में बांटे श्रमिक कार्ड
जमशेदपुर: उत्तरी बागबेड़ा पंचायत में बीते एक महीने से निःशुल्क श्रमिक (लेबर) कार्ड रजिस्ट्रेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उत्तरी बागबेड़ा पंचायत की नया बस्ती में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों मजदूरों, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, ने अपना निःशुल्क पंजीकरण करवाया। रविवार को शिविर में सैकड़ों श्रमिक कार्ड मजदूरों में वितरित किए गए। वितरण कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वर्तमान उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, मुखिया गौरी टोप्पो, उप मुखिया मुकेश सिंह और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से भाग लिया और कार्ड बांटे। इस दौरान प्रदीप ठाकुर, विशाल, साजन कुमार,अमन, आनंद, बबलू साहू, दीपक सिंह, दिनकर, सोनू दास, कुंदन का काफी सहयोग रहा।
अतिथियों ने कहा कि श्रमिक कार्ड मिलने के बाद अब मजदूरों को राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। जिससे वे आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बन सकेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी को निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं-आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो, नॉमिनी का आधार कार्ड एवं बैंक विवरण।
जो मजदूर अभी इस शिविर से वंचित रह गए हैं, उनके लिए आगे भी यह पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर श्रमिक कार्ड बांटे जाएंगे।
झारखंड सरकार द्वारा जारी श्रमिक कार्ड (लेबर कार्ड) धारकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। यह कार्ड असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक मदद और आत्मनिर्भर बनने में सहायता करता है।
