ट्रेनों के सभी कोच में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जमशेदपुर, नई दिल्ली: रेल मंत्रालय ने चोर-उचक्कों और अन्य तरह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किया है कि वह अपने तमाम 74 हजार डिब्बों और 15 हजार इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसके लिए करीब चार लाख कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कैमरे फेसियल रिकग्निशन सिस्टम से लैस होंगे। सुरक्षा के लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण होगा। शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इंजनों और डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रगति की समीक्षा भी की थी। इसमें नॉर्दन रेलवे में डिब्बों और इंजनों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल कामयाब होने पर इसे देश की तमाम ट्रेनों और इंजनों में लगाने का निर्णय लिया गया। मीटिंग में रेलवे बोर्ड के भी तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मीटिंग में तय किया गया कि 74 हजार ट्रेन डिब्बों में से प्रत्येक कोच में चार-चार डोम कैमरे और 15 हजार इंजनों में प्रत्येक में छह-छह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके अलावा जरूरत के मुताबिक अन्य जगहों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे।
हमसे ना रहा जाएगा… एम्प्लॉई ने 3 महीने में ही छोड़ दिया बेंगलुरु, कारण जानकर आप भी सिर पकड़ लेंगे
कम लाइट में भी ले सकेंगे फुटेज
कैमरों की क्वालिटी भी ऐसी होगी, जो 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक की रफ्तार और कम लाइट में भी हाई क्वालिटी वाली फुटेज ले सकें। यात्रियों की निजता का ख्याल रखते हुए डिब्बों में कैमरे कोच के बीच में नहीं लगाए जाएंगे, बल्कि यह कोच के चारों गेटों के आसपास कॉरिडोर में लगाए जाएंगे। कैमरे लगाने का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा है।
