जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति का महारक्तदान शिविर 13 जुलाई को
जमशेदपुर : साकची स्थित बंगाल क्लब परिसर में 13 जुलाई को जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के तत्वावधान में एक दिवसीय महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।
शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता यह जानकारी दी गई। समिति की ओर से विगत दो वर्षों से की जा रही सामाजिक गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि समिति सफलतापूर्वक धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी अहम भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में महारक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो प्रातः 9 बजे से संध्या 4 बजे तक चलेगा। इस शिविर में शहर की तमाम दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
दुर्गा पूजा समितियों के साथ-साथ जमशेदपुर के नागरिकों से भी अपील की है कि वे मानवता के इस पुनीत कार्य में भाग लें और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे अनेकों ज़िंदगियाँ बचाई जा सकती हैं। समिति आशा करती है कि यह शिविर समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगा।
वहीं, इस महारक्तदान शिविर के सफल आयोजन में बंगाल क्लब, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन और जमशेदपुर ब्लड सेंटर बतौर सहयोगी भाग लेंगे। साथ ही, समिति की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
