कुमारडुंगी में कुल्हाड़ी से युवक की हत्या, त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
जगन्नाथपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के चांदकुनिया गांव में बुधवार को आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के ही माधो हेस्सा ने सागु हेम्ब्रम पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडुंगी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों के फर्द बयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना में कांड संख्या 11/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस 2023 की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी माधो हेस्सा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी (कुल्हाड़ी) भी बरामद कर ली गई।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
एसडीपीओ राफेल मुर्मू, पु.नि. बासुदेव गुंडा (झींकपानी अंचल), थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी, अनुसंधानकर्ता मिलन कर्माली समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
