Bagbera tempo fire: बागबेड़ा में असामाजिक तत्वों ने दो ऑटो में लगाई आग, एक महीने के अंदर दूसरी घटना, लोगों में आक्रोश
जमशेदपुर : शहर के बागबेड़ा इलाके में असमाजिकि तत्वों ने एक महीने के भीतर आग लगाने की दूसरी घटना को अंजाम दिया. इससे लोगों में भारी आक्रोश है. आग लगाने की ताजा घटना बागबेड़ा रामनगर में गुरुवार देर रात हुई. वहां जयशंकर शाह के दो पैसेंजर ऑटो का असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया. एक ऑटो तो पूरी तरह जलकर खाक हो गया जबकि दूसरे ऑटो की आग को स्थानीय लोगों ने किसी तरह से बुझा दिया.
टेंपो मालिक जयशंकर शाह के अनुसार वे घर के पास ऑटो को लगाकर सो रहे थे. रात में पुलिस की गश्ती दल ने आगलगी की घटना की जानकारी दी. शाह ने कहा कि आगलगी से उन्हें चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य कविता परमार भी घटनास्थल पर पहुंची और शाह के पूरी जानकारी लीं. बाद में दूसरे जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के लोग भी वहां पहुंचे और पुलिस से असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की.
बताते चलें कि एक महीने के अंदर इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की यह दूसरी घटना है. इससे पहले एक टेंट हाउस के बांस को आग के हवाले कर दिया गया था.
