जमशेदपुर: कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) रविवार को एसोसिएशन परिसर के सेंटेनरी हॉल में आयोजित हुई। बैठक में ट्रस्टी, आजीवन सदस्य, प्रबंध समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लेकर संगठन की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन की प्रार्थना से हुई। इसके बाद 29 सितंबर 2024 को आयोजित पिछली वार्षिक आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि की गई। बैठक के दौरान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
मानद महासचिव वाई. के. शर्मा ने 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि का महासचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने इस दौरान एसोसिएशन द्वारा किए गए विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नए पैसेंजर लिफ्ट और सेंटेनरी हॉल (रूफटॉप हॉल) का निर्माण एवं उद्घाटन संगठन की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा, जिससे सदस्यों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकी हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मेजर के. सत्यनारायण ने अपने संबोधन में ट्रस्टियों, प्रबंध समिति, सदस्यों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1926 में स्थापित आंध्रा एसोसिएशन इस समय अपना शताब्दी वर्ष (1926-2026) मना रहा है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर संगठन की एकजुटता, पारदर्शिता और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।
आमसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के ऑडिटेड खातों को भी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विस्तृत चर्चा के बाद दोनों वित्तीय वर्षों के लेखा-जोखा को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के कल्याण, भविष्य की विकास योजनाओं और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को एसोसिएशन के संविधान के अनुरूप विचारार्थ स्वीकार किया गया।
अंत में सभी सदस्यों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ वार्षिक आमसभा का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
