चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कूदापी गांव में रविवार को पश्चिमी सीमा में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृत महिला की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसका शव गांव के समीप एक पेड़ के नीचे पड़ा मिला।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार महिला पिछले कुछ दिनों से आसपास के इलाकों में घूमती हुई दिखाई देती थी। लोगों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह इधर-उधर भटकती रहती थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने आसपास के थाना क्षेत्रों से अपील की है कि यदि किसी महिला की गुमशुदगी दर्ज हो तो इसकी सूचना हाटगम्हरिया थाना को दी जाए, ताकि शव की पहचान कर परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
