खूंटी : खूंटी जिले में आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोम मुंडा की बुधवार देर शाम अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस धटना को लेकर खूंटी में तनाव और आक्रोश का माहौल है. इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को आदिवासी संगठनों के आह्वान पर खूंटी जिला बंद रखा गया। बंद का व्यापक असर देखने को मिला.
गुरुवार सुबह से ही आक्रोशित ग्रामीण और समर्थक सड़क पर उतर आए और जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर जाम कर दिया. बाजार, दुकानें और शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहे, जबकि सार्वजनिक परिवहन भी ठप हो गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और सड़कों पर धरना देकर मुख्य मार्गों को अवरुद्ध कर दिया.
आदिवासी संगठनों और ग्रामीणों ने सोम मुंडा की हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की. कई स्थानों पर स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास करते रहे.
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग के समीप पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे. इसी दौरान जमुआदाग स्थित तालाब के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो अपराधी आए। ओवरटेक कर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. एक गोली सोम मुंडा के सीने में लगी. गोली लगने के बाद उन्होंने बाइक रोककर खूंटी की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
