पटना,। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का अटूट विश्वास और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नीतियों के प्रति आम लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
श्री पटेल ने कहा कि बिहार में मिले व्यापक जनसमर्थन ने राज्य की राजनीति की दिशा तय कर दी है। उन्होंने कहा कि इस सफलता ने आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भी एक साफ संकेत दिया है कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और स्थिरता को ही प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब परिवारवाद, तुष्टिकरण और अराजक राजनीति से थक चुकी है। जनता ने एक बार फिर सकारात्मक राजनीति, विकास कार्यों, बेहतर कानून-व्यवस्था और गरीब-कल्याण की योजनाओं पर मुहर लगाई है। यह बदलता हुआ जनमत पश्चिम बंगाल में भी गहरा असर डालेगा, जहां जनता लंबे समय से परिवर्तन की आकांक्षा रखती है।
