जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कपाली बस्ती से सटे मरीन ड्राइव के समीप मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब टाटा स्टील के हाईटेंशन बिजली के खंभे पर एक युवती करीब 60 फीट ऊपर चढ़ गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टाटा स्टील और जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम के सहयोग से युवती को नीचे उतारा गया।
युवती का दिमागी संतुलन ठीक नहीं होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे रेस्क्यू करने पोल पर चढ़े एक स्थानीय युवक रोशन ने बताया कि युवती अपना नाम पता नहीं बता रही है। बस यही बता रही है कि उसे आदित्यपुर के एक लड़के ने धोखा दिया है। उसके साथ प्यार का नाटक किया और पैसे लिए और शादी किसी और से कर ली। ज्यादा पूछने पर युवती कुछ भी नहीं बता रही है। वैसे काफी जद्दोजहद के बाद युवती को नीचे उतारा गया। इस दौरान युवती को देखने पूरा इलाका उमड़ पड़ा। गनीमत रही की टाटा स्टील ने समय रहते बिजली काट दी अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। उधर सोनारी थाना प्रभारी कुमार सरजू आनंद ने बताया कि लड़की को सकुशल उतार लिया गया है और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है। अभी तक विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। आगे विधिवत संवत कार्रवाई की जाएगी।


