= पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन, जलाशयों की स्थिति और लंबित योजनाओं पर अपर नगर आयुक्त से पूछे कई सवाल
- -कितने इलाके हैं जहां की जाती है आधी रात के बाद पानी की आपूर्ति ?
- -पानी की आपूर्ति के बगैर उपभोक्ताओं को नियमित भेज रहे बिल ?
- -विधायक निधि व जिला योजना मद से स्वीकृत योजनाओं का ब्योरा ?
- -योजनाओं में विलंब के लिए जिम्मेदार एजेंसियां और जिम्मेवार पदाधिकारी ?
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की पेयजलापूर्ति व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र यादव को पत्र लिखकर परियोजना की तकनीकी, प्रशासनिक और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही जलापूर्ति में आ रही समस्याओं, अधूरी योजनाओं और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर भी जवाब तलब किया है।
अपने पत्र में उन्होंने परियोजना के इंटेकवेल, उसमें स्थापित मोटरों की कार्यस्थिति, प्रतिदिन नदी से उठाए जाने वाले जल की मात्रा तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की संचालन क्षमता से संबंधित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।
उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि शोधन के बाद पानी किन-किन जलमीनारों तक पहुंचाया जाता है और विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का समय एवं अवधि क्या है।
नगर निगम क्षेत्र में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइनों की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि किन मोहल्लों तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है, किन क्षेत्रों में पाइपलाइन होने के बावजूद जलापूर्ति नहीं हो रही है तथा ऐसे कितने इलाके हैं जहां आधी रात के बाद पानी की आपूर्ति की जाती है।
पत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए संचालित टैंकरों की संख्या, उनके संचालन क्षेत्र और बालीगुमा जलमीनार तक एनएच-33 के रास्ते पाइपलाइन बिछाने की प्रगति की जानकारी भी मांगी गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं की उस शिकायत का भी उल्लेख किया है, जिसमें पानी की आपूर्ति नहीं होने के बावजूद नियमित रूप से बिल भेजे जाने की बात कही गई है।
विधायक ने बताया कि इंटेकवेल में जमा बालू हटाने और उसके दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने इस कार्य की वर्तमान प्रगति, इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जलमीनारों की सफाई की समयावधि तथा अंतिम सफाई की तिथि की जानकारी भी मांगी है।
इसके अलावा उन्होंने परियोजना के डीपीआर में निर्धारित जलापूर्ति लक्ष्य और वर्तमान उपलब्धि का तुलनात्मक ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में अपर नगर आयुक्त का पदभार संभालने के कारण उन्हें अपने अधीनस्थ अधिकारियों से प्राप्त जानकारी और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति के बीच अंतर का आकलन करना आवश्यक है।
सरयू राय ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में विधायक निधि और जिला योजना मद से स्वीकृत उन योजनाओं का भी ब्योरा मांगा है, जिनका शिलान्यास तीन माह से अधिक समय पहले हो चुका है।
उन्होंने पूछा है कि इनमें से कितनी योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, कितनी निर्माणाधीन हैं और कितनों पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। साथ ही योजनाओं में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों अथवा एजेंसियों की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा है।
