कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में मतदाताओं ने रिकॉर्ड भागीदारी दिखाई है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार इस चरण में 91.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य में आजादी के बाद किसी भी चुनाव का अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
गुरुवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हुआ। पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 167 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मतदाताओं का उत्साह पूरे दिन देखने को मिला, जिसके परिणामस्वरूप रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि यह आंकड़ा राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
जिलावार मतदान प्रतिशत:
अलीपुरद्वार – 88.74%
बांकुड़ा – 89.91%
बीरभूम – 91.55%
कूचबिहार – 92.07%
दक्षिण दिनाजपुर – 93.12%
दार्जिलिंग – 86.49%
जलपाईगुड़ी – 91.20%
झारग्राम – 90.53%
कलिम्पोंग – 81.98%
मालदा – 89.56%
मुर्शिदाबाद – 91.36%
पश्चिम बर्धमान – 86.89%
पश्चिम मेदिनीपुर – 90.70%
पूर्व मेदिनीपुर – 88.55%
पुरुलिया – 87.35%
उत्तर दिनाजपुर – 89.74%
