हजारीबाग के विष्णुगढ़ में बच्ची से दरिंदगी के खिलाफ 3 अप्रैल काे झारखंड बंद
रांची : हजारीबाग के विष्णुगढ़ में बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के बाद सोमवार को झारखंड के विभिन्न जिलों में आक्रोशित लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। विष्णुगढ़ में स्वत: स्फूर्त बंद रहा। इधर पूर्वी सिंहभूम जिले में भी उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन हुआ। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
दूसरी ओर झारखंड उच्च न्यायालय ने भी स्वत: स्फूर्त संज्ञान लिया। उन्होंने डीजीपी और गृह सचिव से जवाब तलब करते हुए जवाब मांगा है। वहीं भाजपा ने इस घटना के खिलाफ 3 अप्रैल को झारखंड बंद बुलाया है।
भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड सरकार को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया है।
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने मीडिया को जानकारी दी है कि दो अप्रैल तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो तीन अप्रैल को भाजपा की ओर से झारखंड बंद कराया जाएगा।
इधर, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार को हजारीबाग का दौरा किया। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द मामले का उद्भेदन करेगी और आरोपी पकड़े जायेंगे।
