चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश समेत 21 पार्षदों ने ली शपथ
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगर पालिका (सामान्य) चुनाव के बाद शनिवार को सदर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश और 21 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि शहर के विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाईबासा में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं में सुधार लाने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद लगातार प्रयास करेगी।उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।समारोह में मौजूद अधिकारियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन और नगर परिषद के बीच बेहतर तालमेल से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षद, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
