सारंडा में घंटा भर तड़तड़ाती रहीं गोलियां, दहशत में ग्रामीण
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा अंतर्गत जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा जंगल में शनिवार की तड़तड़ाती रही गोलियां। नक्सलियों व सुरक्षा बलो के बीच लगभग सुबह 9 बजे जमकर गोलीबारी हुई।
मिली जानकारी के अनुसार कोलबोंगा जंगल के समीप सुबह एक घंटा तक मुठभेड़ में दोनों ओर से तड़ातड़ जम कर गोलियां चली। वहीं सुरक्षाबलो द्वारा हेलीकाप्टर से भी गोलियां चलाये जाने की सूचना है। हालांकि मुठभेड़ को लेकर अबतक कोई आधिकारिक पुष्टी नहीं की गई।
नक्सलियों के खिलाफ अंतिम लड़ाई :
केंद्र सरकार द्वारा नक्सलियों के खात्मे को लेकर 31 मार्च तक दिए गए अल्टीमेटम को लेकर सारंडा में सुरक्षाबल नक्सलियों के खिलाफ अंतिम और निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।
बचे हुए नक्सलियों के खात्मे को लेकर यहाँ सुरक्षाबलो द्वारा अभियान पूरी तरह तेज कर दिया गया है। बताते चलें की नक्सलियों के खिलाफ इस समय सारंडा में चार हजार जवान अभियान चला रहे हैं और नक्सलियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों में दहशत, अपने-अपने घर में दुबके :
वहीं मुठभेड़ में गोलियों के आवाज से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणो ने बताया की क्षेत्र में सुबह अचानक से जोरदार गोलियों की आवाज आने लगी। गोलियों के तडतड़ाहट की गूंज पुरे इलाके में सुनाई देने लगी। जिसके बाद ग्रामीण अपने-अपने घर में दुबक गए।
