पूर्वी सिंहभूम जिले के अधिकारी योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरत व जनहित पर ध्यान दें, नियमित मॉनिटरिंग भी हो
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा है कि जिले के अधिकारी योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरत, जनहित एवं विकास की प्राथमिकताओं पर विशेष रूप से ध्यान दें। उन्होंने यह निर्देश भी दिया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर समर्पित की जाए, ताकि जिला योजना निधि का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके ।
समाहरणालय सभागार में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, उप नगर आयुक्त, डीटीओ समेत तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत अन्य उपस्थित थे । बैठक में जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई ।
बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं के घटनोत्तर स्वीकृति से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया । साथ ही जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्राप्त राशि से विभिन्न माध्यमों से प्राप्त योजनाओं के अनुमोदन के संबंध में चर्चा किया गया ।
