बाइक का नंबर प्लेट लगाया गया था कार में, रजिस्ट्रेशन नंबर भी फर्जी, वाहन जब्त, पुलिस कर रही पूछताछ
जमशेदपुर : शहर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत आज़ादनगर रोड नंबर-2 के पास मंगलवार की रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने एक कार से क्रूरता से बांधकर ले जाए जा रहे पांच गौवंशों को बरामद किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गौ-तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार से गौवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर मानगो थाना पुलिस ने आज़ादनगर रोड नंबर-2 के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कार के भीतर रस्सियों से बांधे गए पांच गौवंश पाए गए। गौवंशों की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि कार पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी है। वाहन पर बाइक का नंबर प्लेट लगाया गया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गौ-तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है
