बिष्टुपुर शिवपुरी कॉलोनी में श्री श्री शिव हनुमान मंदिर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित शिवपुरी कॉलोनी में अवस्थित श्री श्री शिव हनुमान मंदिर में आज से 24 घंटे का अखंड कीर्तन भक्ति और श्रद्धा के माहौल में शुरू हो गया। अखंड कीर्तन के शुभारंभ के साथ ही पूरे मंदिर परिसर में हरिनाम संकीर्तन की गूंज सुनाई देने लगी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर जमशेदपुर के जाने-माने समाजसेवी राजकुमार सिंह भी अखंड कीर्तन में शामिल हुए और भगवान शिव एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने कीर्तन में भाग लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और धार्मिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला।
राजकुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नए साल की खुशी मनाना हर किसी है, लेकिन नए वर्ष की शुरुआत मंदिरों में पूजा-पाठ और भक्ति भाव के साथ करनी चाहिए, ताकि आने वाला वर्ष सकारात्मकता, शांति और सद्भाव से भरा रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
अखंड कीर्तन के आयोजन को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में भक्तजन कीर्तन में शामिल होकर भगवान के नाम का जाप कर रहे हैं। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह अखंड कीर्तन 24 घंटे तक निरंतर चलेगा, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु भाग लेंगे।
