जमशेदपुर: शहर के मानगो आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में कार्यरत डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार कई डॉक्टर लगातार शोषण और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग माने जाने वाले चिकित्सक यदि खुद को असुरक्षित महसूस करें, तो यह स्थिति अत्यंत गंभीर मानी जा रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि वे दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं, लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा की कमी के कारण उन्हें लगातार मानसिक दबाव और खतरे की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे हालात में चिकित्सा सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इधर, इस मुद्दे को लेकर जिला के वरीय आरक्षी अधीक्षक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। स्थानीय सामाजिक प्रतिनिधियों ने वरीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि डॉक्टर सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें।
लोगों की मांग – “सुरक्षित समाज, सुरक्षित डॉक्टर”
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि डॉक्टर असुरक्षित रहेंगे, तो स्वास्थ्य व्यवस्था पर सीधा असर पड़ेगा। इसलिए प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कदम उठाकर चिकित्सा समुदाय का भरोसा बहाल करना चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
