जमशेदपुर में एक बार फिर साकची कोर्ट परिसर से सटे कचहरी बाबा मंदिर में चहारदीवारी को लेकर बवाल
जमशेदपुर : साकची स्थित जिला मुख्यालय से सटे चंद्र मौलेश्वर महादेव मंदिर जिसे कचहरी बाबा के नाम से भी जाना जाता है। गुरुवार सुबह यहां अचानक हंगामा शुरू हो गया।
दरअसल कचहरी बाबा मंदिर का पिछला हिस्सा जुबिली पार्क से सटा है। यहां चहारदीवारी टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई जुस्को द्वारा कराई जा रही है। घेराबंदी होने से मंदिर का पिछला निकास बंद हो जाएगा।
इसको लेकर मंदिर कमेटी ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते हिंदूवादी संगठनों के लोग भी पहुंच गए और जुस्को की कार्रवाई का विरोध किया। विश्व हिंदू परिषद के नेता अरुण सिंह ने जुस्को प्रशासन पर सनातन संस्कृति पर हमला करने और दोहरा मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बगैर वार्ता किए या मंदिर कमेटी को भरोसा में लिए यह कार्रवाई की जा रही है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर स्तर पर ऐसे कार्रवाई का विरोध किया जाएगा। इस मंदिर के साथ लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।
मालूम हो कि इसके पहले भी चहादीवारी खड़ा करने को लेकर विरोध जताया गया था। हालांकि कंपनी प्रबंधन सुरक्षा कारणों से यहां चहारदीवारी खड़ा करने का प्रयास कर रहा है। एक ओर धार्मिक आस्था की दुहाई दी जा रही है, वहीं कंपनी प्रबंधन यहां चहारदीवारी खड़ा करने का प्रयास कर रहा है।
