पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर जमशेदपुर में शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों ने लिया एकजुटता का संकल्प
जमशेदपुर : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर संध्या 5:30 बजे आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पहलगाम का आतंकी हमला केवल निर्दोष नागरिकों पर नहीं, बल्कि मानवता, शांति और सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला था। उन्होंने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे कायरतापूर्ण कृत्यों के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, झारखंड के प्रतिनिधि वरुण कुमार ने कहा कि शहीदों की स्मृति हमें हमेशा एकजुट, सतर्क और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ मजबूत संकल्प लेने का आह्वान किया।
संगठन के विकास कुमार ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी देश कभी नहीं भूलेगा और हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने समाज में जागरूकता बढ़ाने और शांति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
अंत में सभी ने एक स्वर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
